Press Releases

Ranchi Oct 07,2016 :

केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति की मानव संसाधन मंत्री से मुलाक़ात 

झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नंद कुमार यादव इंदू ने कल बनारस में केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडेकर से मिलकर उन्हें विश्वविद्यालय की समस्याओं और भविष्य की योजनाओं के बारे में अवगत कराया। प्रो. यादव देशभर के केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए कल बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय में थे। इस बैठक में कुल 41 केन्द्रीय विश्वविद्यालयों के कुलपतियों ने भाग लिया। बैठक में प्रकाश जावडेकर के अलावा मानव संसाधन राज्य मंत्री  डॉ. महेन्द्रनाथ पांडे और विश्वविद्यालय अनुदान आयोग के अध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश भी मौजूद थे।

प्रो. नंद कुमार यादव इंदू ने मानव संसाधन मंत्री को विस्तार से उन परिस्थितियों के बारे में समझाया जिनमें झारखंड केन्द्रीय विश्वविद्यालय काम कर रहा है। विश्वविद्यालय की प्रमुख चुनौतियों में स्थायी कैम्पस का ना होना सबसे अहम है। इस मसले पर प्रो. यादव की मानव संसाधन मंत्री श्री जावडेकर से विस्तार से बातचीत हुई। जावडेकर ने इस समस्या को जल्द ही सुलझाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, यूजीसी द्वारा विश्वविद्यालय की कुछ ग्रांट रोकने के मुद्दे पर भी बातचीत हुई।
केन्द्रीय मानव संसाधन मंत्री प्रकाश जावडेकर ने बैठक में शिक्षकों के रिक्त पदों को तुरंत भरने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि देश में उच्च शिक्षा लेने वाले युवाओं की तादाद निरंतर बढ़ रही है लेकिन उस अनुपात में विश्वविद्यालयों में सुविधाओं का विस्तार नहीं हो रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालयों को शोध और नयी खोज़ पर अधिक बल देने की सलाह दी। इस अवसर पर यूजीसी के अध्यक्ष डॉ. वेदप्रकाश ने विश्वविद्यालयों की गतिविधियों और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए किये जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।