Press Releases

अनुशासित जीवन सफलता का मूल मंत्र- डा. नीरा यादव
झारखण्ड केन्द्रीय विश्वविद्यालय में एनुअल स्पोट्स मीट का आयोजन एवं पुरस्कार वितरण समारोह

ब्राम्बे, रांची। झारखण्ड केन्द्रीय विश्वविद्यालय में एनुअल स्पोट्स मीट एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए झारखण्ड सरकार की मानव संसाधन विकास मंत्री डा. नीरा यादव ने कहा कि छा़त्र जीवन में ही हमें ऐसे-ऐसे मंच मिलते हैं जब हम अपने जीवन को आगे बढ़ाने के लिए अपनी जगह खोज लेते हैं। आप इस प्रकार के मंच का कितना इस्तेमाल कर पा रहे हैं यह आप पर निर्भर करता है और आप सभी छात्र बहुत प्रतिभावान हैं एवं आप लोगों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने का कार्य किया है। अनुशासन पर जोर देते हुए कहा कि सफल होने के लिए अनुशासित होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मेडल मिला अथवा नहीं मिला से ज्यादा महत्वपूर्ण यह है कि आपने कितना मन लगाकर खेला और खेल को खेल की भावना से खेला या नहीं। उन्होंने खेल को योग का अंग बताते हुए स्वस्थ शरीर के लिए खेल के महत्व को रेखांकित किया। अगर आप अपने गुरुओं के सानिध्य में अच्छे कार्य करके आगे बढ़ते हैं तो आप नौकरी ढूंढ़ने के बदले खुद नौकरी देने लायक बन जाते हैं।

 

समारोह की अध्यक्षता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नंद कुमार यादव ‘इंदु’ ने कहा कि हमारे छात्र जहां भी जाते हैं मेडल लेकर आते हैं। विश्वविद्यालय के कई विभागों में प्लेसमेंट बहुत अच्छा है साथ हमने कई अन्तरराष्ट्रीय विश्वविद्यालयों से समझौता भी किया है और हमारे यहां ऐसे विभाग भी हैं जहां प्लेसमेंट तो कम होता है लेकिन दूनिया के मानक विश्वविद्यालयों से फेलोशिप मिलता है। एक बार विश्वविद्यालय खड़ा हो जाएगा तो हम भारत के दस सर्वश्रेष्ठ विश्वविद्यालयों में शामिल होकर दिखाएंगे। इसके लिए सबके सहयोग की आवश्यकता है।

.

इस स्पोट्स मीट में क्रिकेट, फुटबाल, वॉलीबॉल, कबड्डी, बैडमिंटन, शतरंज, एवं एथलैटिक्स की विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विश्वविद्यालय के सभी विभागों को रेड, ग्रीन, व्हाइट, एलो हाउस में विभाजित करके सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में रेड हाउस ने 55 पदकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। क्रिकेट प्रतियोगिता व्हाइट हाउस ने, फुटबाल ग्रीन हाउस ने एवं वॉलीबॉल में रेड हाउस विजेता रहीं। एथलैटिक्स समारोह में लड़कों में रेड हाउस के समीर ने एवं लड़कियों में ग्रीन हाउस की फकेहा ने सबसे अधिक पदक जीते। इस आयोजन में विश्वविद्यालय के छात्र-छा़त्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पुरस्कार वितरण समारोह में प्रो. ए. एन. मिश्रा, डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. अजय सिंह, खेल प्रभारी बी.एम. झा, विश्वविद्याल के शिक्षक,  कर्मचारीगण एवं विद्यार्थी भारी संख्या में मौजूद थे।